वाणीश्री न्यूज़, वैशाली।बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह पुलिस अधीक्षक श्री मनीष एवं उप विकास आयुक्त श्री विजय प्रकाश मीणा के साथ बड़ी संख्या में जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हाजीपुर में पौधा रोपण किया गया। पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बिहार के द्वारा एवं वैशाली वन प्रमंडल हाजीपुर के तत्वावधान आयोजित कार्यक्रम में आज के दिन पूरे वैशाली जिला में विशेष रूप से पौधारोपण का कार्य किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह के द्वारा बताया गया कि वैशाली जिला में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पौधारोपण का किया जा रहा है।
पर्यावरण के विश्वव्यापी बदलते परिदृश्य में पौधारोपण मानव जाति के अस्तित्व के लिए अत्यावश्यक हो गया है। भावी पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण मिल सके इसके लिए आज घर-घर में अभियान चलाकर पौधारोपण के महत्व को समझाया जाने की आवश्यकता है। पर्यावरण संतुलन हेतु जल जीवन हरियाली कार्यक्रम सरकार का महत्वकांक्षी कार्यक्रम है इसके तहत पौधारोपण एक महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारी गण को प्रकृति की रक्षा, जैव विविधता संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सच में जलवायु परिवर्तन से बचाव के लिए संकल्प भी दिलाया। प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा एवं देखभाल कर वृक्ष बनाऊंगा। अपने आसपास के तालाब, नदी, पोखर एवं अन्य जल स्रोतों को प्रदूषित नहीं करूंगा।
इसके लिए दूसरे को ही प्रेरित करूंगा। अपने घर, विद्यालय, आस -पड़ोस में वर्षा के जल संचय हेतु अपने परिवार के सदस्यों को प्रेरित करूंगा। बिजली का उपयोग आवश्यकता अनुसार ही करूंगा। घर से बाहर निकलते समय बिजली के पंखा को बंद कर दूंगा। अपने घर विद्यालय एवं आसपास को स्वक्ष रखते हुए वहां से निकलने वाले कूड़े को कूड़ेदान में डालूंगा।
प्लास्टिक पॉलीथिन का उपयोग बंद कर कपड़े ,कागज के झोले का उपयोग करूंगा और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करूंगा। जीव जंतु एवं पशु पक्षियों के प्रति प्रेम का भाव रखूंगा। इसके लिए यथासंभव दाना पानी की व्यवस्था करूंगा। नजदीक के काम पैदल अथवा साइकिल से करूंगा। कागज का अनावश्यक उपयोग नहीं करूंगा एवं अन्य लोगों को भी इस हेतु प्रेरित करूंगा।