वाणीश्री न्यूज़, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के पताही फकीरा चौक इलाके में ज़मीन विवाद में रविवार को जमकर मारपीट हुई। इसमें एक युवती समेत आधा दर्जन से अधिक लोग ज़ख़्मी हो गए। महिला जुली देवी अपने भाई सूरज को राखी बांधने मायके गयी थी। राखी बांधकर जब वह ससुराल लौट रही थी। तभी आरोपितों ने उसे घेर लिया। रॉड और डंडे से मारकर सिर फोड़ दिया। वहीं बीच बचाव करने गए उसके मायके वालों को भी नहीं बख्शा। एक घन्टे तक गांव में अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
आरोपित पक्ष जमकर डंडा और रॉड भांज रहा था। स्थिति गम्भीर होता देख आसपास के लोगों ने एकजुटता दिखाई और आरोपितों को खदेड़ कर भगा दिया। सभी ज़ख़्मी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वे इलाजरत हैं। ज़ख़्मी जुली देवी ने कालने चाचा समेत अन्य पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। बताया कि उसके भाई सूरज की निजी ज़मीन को आरोपित हड़पना चाहते हैं। इस कारण हमेशा विवाद करते हैं। रविवार को जब वह राखी बांधकर लौट रही तो इसी विवाद के कारण जानलेवा हमला किया।
ज़ख़्मी में जूली देवी, लखपतिया देवी, शोभा देवी, रूबी देवी, छोटी देवी, सूरज कुमार और जद्दूराय समेत अन्य हैं। जूली देवी ने बताया कि उनका मायका फकीरा चौक है। वह नगर थाना के जोगिया मठ में अपने परिवार के साथ रहती है। बताया कि साढ़े चार कट्ठा जमीन के लिए उनलोगों ने हमला किया है। उक्त जमीन उनके भाई सूरज के हिस्से की है। लेकिन, चाचा व अन्य उस पर दावा करते हैं। सदर थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच करायी जा रही है। इस तरह की घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।