
मृत्युंजय कुमार, भगवानपुर (बेगूसराय) कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दामोदरपुर पंचायत में मुखिया प्रतिनिधि सुजीत कुमार ने अपने निजी कोष से पंचायत के हजारों लोगों को फेस मास्क व साबुन देकर लोगों को घरों में रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील किया कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हाथ साबुन से बार बार धोएं, और अतिआवश्यक कार्य लिए ही फेस मास्क लगा कर घर से बाहर निकलें। उन्होंने कृषक कार्य में लगे हुए लोगों को भी शारीरिक दूरी बना कर काम करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि दामोदरपुर पंचायत के बसही, दामोदरपुर, पासोपुर व पंचायत के अन्य हिस्से में घर घर जाकर फेस मास्क व साबुन बांटा गया है। एवं पंचायत के बचे हुए हिस्से में भी सभी घरों में फेस मास्क व साबुन के माध्यम से इस महामारी से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
वहीं मुखिया पिंकी देवी भी सभी लोगों से लॉक डाउन नियम का पालन करने की अपील किया। उक्त कार्य में उप मुखिया सुशील कुमार चौधरी, आलोक भारती, पंकज चौधरी, रौशन, विकास, मुकेश, मनोज, अमर, विशाल, विपुल, रोहित शर्मा आदि लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है।