खरीद कार्य से जुड़े समस्त अधिकारी व केन्द्र प्रभारी किसानों को कोई समस्या न आने दें -डीएम
गेहूँ खरीद के लिये जनपद में 43 क्रय केन्द्र स्थापित

सुलतानपुर – रवी विपणन वर्ष-2019-20 में न्यूनतम समर्थम मूल्य योजना के अन्तर्गत जनपद में 01 अप्रैल से किसानों से सीधे गेंहूँ खरीद शुरू कर दी जायेगी। गेहूँ खरीद के लिये जनपद में इस बार 43 क्रय केन्द्र स्थापित किये गये हैं और केन्द्रों पर समस्त व्यवस्थाएं पूर्ण करा दी गयी है। जनपद को इस वर्ष 45 हजार मी0टन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि ने गेहूँ खरीद कार्य से जुड़े हुए समस्त अधिकारियों व क्रय केन्द्र प्रभारियों को निर्देशित किया है कि गेहूँ खरीद करने में किसानों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो। उन्होंने कहा कि सरकारी क्रय केन्द्रों पर इस वर्ष किसानों का गेहूँ रू0 1840/- प्रति कुन्तल के दर से खरीदा जायेगा, तथा छनाई व उतराई के मद में किसानों से रू0 20/- प्रति कुन्तल के दर से लिया जायेगा। उन्होंने बताया, कि क्रय केन्द्र रविवार व राजकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से सायं 06 बजे तक खुले रहेंगे।
लघु व सीमान्त कृषक मंगलवार व शुक्रवार को विशेष तौर पर अपना गेहूँ विक्रय कर सकेंगे। उन्होंने किसानों की सुविधा के दृष्टिगत जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को निर्देशित किया है कि मण्डी में भी गेहूँ क्रय केन्द्र पूर्व की भांति खुले रहेंगे। उन्होंने बताया कि पंजीकृत किसान क्रय केन्द्र पर सम्पर्क कर अपना गेहूँ विक्रय कर सकेंगे और किसानों को आर0टी0जी0एस0 के माध्यम से भुगतान किया जायेगा।