पहुँच पथ के बिना हाथी का दांत जैसे दिख रहा है भगवानपुर – बसही पुल

रिपोर्ट: मृतुन्जय कुमार। भगवानपुर (बेगूसराय) चुनाव आता है और चला जाता है, नेता जी आते है और वोट लेकर चले जाते है। चाहे चुनाव लोकसभा का हो या विधान सभा का लेकिन प्रखंड मुख्यालय स्थित भगवानपुर बसही बलान नदी में करोड़ों रूपये की लागत से बने पुल में पहुँच पथ नहीं होने के कारण वर्षों से हाथी का दांत जैसे दिख रहा है। फिर भी किसी भी नेता जी को यह दिखाई नहीं देता है। विदित हो कि इस पुल का निर्माण 2011-12 में करीब 7 करोड़ की लागत से प्रारंभ हुआ था। पुल बनकर करीब 5 वर्षों से तैयार है लेकिन पहुँच पथ का निर्माण नहीं होने के कारण लोगों के आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
पहुँच पथ के लिए वर्षों इंतजार करने के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह पुल के दोनों तरफ मिट्टी भरवा कर ईंट सोलिंग करवा दिया गया। अब यह ईंट सोलिंग भी कई जगह से उखाड़ना शुरू हो गया है फिर भी लोग जान जोखिम में डालकर सवारी गाड़ी से आवागमन करते हैं। जबकि इस पुल के माध्यम से दामोदरपुर, लखनपुर तकिया, कजिरसलपुर एवं महेशपुर पंचायत के कई गांव को प्रखण्ड मुख्यालय से जोड़ता है तो वहीं प्रखंड मुख्यालय सहित जोकिया, भिठसारी एवं नरहरिपुर पंचायत के कई गांव को अनुमंडल मुख्यालय से जोड़ता है। उक्त पुल का पहुँच पथ नहीं बनने के कारण पुरे प्रखंड क्षेत्र के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।