
महनार। रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन से पूरे राजद परिवार में निराशा और मायूसी है। रघुवंश प्रसाद सिंह का जीवन हमेशा संघर्षपूर्ण रहा। वह हम सभी लोगों खासकर नौजवानों के लिए एक आदर्श रहे हैं। वह एक उच्च कोटि के समाजवादी नेता थे।हम नौजवानों को उनके जीवन से बहुत कुछ सीखने को मिला है। रघुवंश बाबू को बिहार ही नहीं पूरा देश भी उनके काम के कारण उन्हें जानता है।ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में उन्होंने मनरेगा जैसी योजना दी। प्रधानमंत्री सड़क योजना में बिहार को पैकेज दिलवाया। आज गांव-गांव में जो सड़क दिख रही है।उसमें उनका ही योगदान है। यह बात नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कही। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रखर समाजवादी नेता स्व० रघुवंश प्रसाद सिंह के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनके पैतृक गांव आए हुए थे।
तेजस्वी यादव ने रघुवंश प्रसाद सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव में कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह ने जो मांग रखी है वह जनहित में है। वह इन मांगों को बहुत पहले से रखते आए हैं। पहले सरकार ने इस पर गौर नहीं किया लेकिन वह चाहेंगे कि सरकार उनकी मांगों को जरूर पूरा करें। बिहार में चुनावी घोषणा पर उन्होंने कहा कि वह चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि वह सच बोलने वाले लोग हैं और काम में विश्वास है। उन्होंने दावा किया कि 18 महीने उनकी सरकार में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत ही अच्छी थी। एनसीआरबी के आंकड़े भी इसकी गवाही देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने मंत्री रहते बजट की सभी राशि खर्च की लेकिन आज मंत्री राशि खर्च नहीं कर पा रहे हैं।
योजनाओं की लाभ की बात छोड़िए आज बिहार में भ्रष्टाचार के 60 मामले सामने आ चुके हैं। बिहार में अपराध में तेजी से बढ़े हैं। शिक्षा स्वास्थ्य का तो कुछ कहना ही नहीं। बिहार में पलायन की दर पूरे देश में सबसे ज्यादा है। शिक्षा,रोजगार और चिकित्सा को लेकर लोग पलायन करते हैं। किसान बदहाल है। उन्होंने केंद्र सरकार के किसान बिल को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि अगर आज रघुवंश बाबू जिंदा होते तो वह भी सड़कों पर सबसे आगे नजर आते।उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने की बात थी लेकिन उन्हें बिचौलियों और जमाखोरों के चक्कर में फंसाया जा रहा है।
आरोप लगाया कि बिहार में किसान,मजदूर,गरीब,बेरोजगार सभी तबाह हैं।उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने मजदूरों को अपमानित किया,नौजवानों को बेरोजगार रखा,किसानों को ठगा है।उसको जनता चुनाव में सबक सिखाएगी। उनके साथ राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी, विधायक शिवचन्द्र राम, डॉ मुकेश रौशन, विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह, रामबल्ली चंद्रवंशी, जिला अध्यक्ष वैधनाथ चंद्रवंशी, पूर्ब कृषि मंत्री रामविचार राय ने भी श्रधांजलि दी तथा परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट किया।