वैशाली (संवाद सूत्र)। अबू धाबी में मजदूरी करने गए महम्मदपुर पंचायत के खजुअता वार्ड संख्या 4 निवासी अर्जुन कुमार महतो (31 वर्ष) की काम के दौरान क्रेन से दबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों समेत पूरे गांव में मातम छा गया।
मृतक अर्जुन कुमार महतो, पिता सुरेंद्र महतो, परिवार की आजीविका चलाने के लिए दुबई गए थे। बीते 25 फरवरी को कार्यस्थल पर क्रेन की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। घटना के बाद से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अर्जुन अपने पीछे पत्नी समेत दो छोटे बच्चों—एक पुत्र और एक पुत्री—को छोड़ गए हैं। पिता का साया उठ जाने से बच्चों का भविष्य अनिश्चित हो गया है। गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम है।
इस दुखद घड़ी में पंचायत के मुखिया वीरेंद्र पासवान पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि विदेश से शव को शीघ्र स्वदेश लाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों का कहना है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक शव घर नहीं पहुंच सका है, जिससे परिवार की व्यथा और बढ़ गई है। गांववासी भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
