
न्यूज़ डेस्क, बिदुपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के तहत बिहार के सभी ग्राम पंचायतों में “विवाह मंडप बनेंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्चुअल माध्यम से 500 करोड़ रुपए की लागत से 1000 विवाह मंडप का शिलान्यास भी किया। इसी दौरान बिदुपुर प्रखंड अंतर्गत दिलावरपुर गोवर्धन पंचायत और चेचर पंचायत में भी अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ नए विवाह मण्डपम के निर्माण हेतु शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार भूमि पूजन और हवन के साथ की गई। दिलावरपुर गोवर्धन पंचायत की मुखिया अंजु सिंह और चेचर पंचायत की मुखिया रीना देवी ने विधिपूर्वक पूजा कर प्रथम ईंट रखी, जिससे मण्डप निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ।
इस मण्डपम का निर्माण क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विवाह, सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित स्थल प्राप्त हो सकेगा। बताया गया कि यह मण्डपम आगामी जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। शिलान्यास के पश्चात सभी अतिथियों और ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बताते चले कि इन विवाह मंडपों का संचालन जीविका दीदियों के द्वारा किया जाएगा। जीविका दीदी की मांग पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना के अंतर्गत पंचायत में कन्या विवाह मंडप बनावाए जा रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र में शादी विवाह एवं विभिन्न परिवारों अनुष्ठान के अवसर पर ग्रामीणों को काफी सहूलियत होगी। यह मंडपम 40 अरब 26 करोड़ 50 लाख की राशि से राज्य के सभी ग्राम पंचायतों में निर्माण कराया जाएगा।