वाणीश्री न्यूज़, पटना | 20 नवंबर 2025। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार की नवनिर्वाचित सरकार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी भी विशेष रूप से शामिल हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री और नई मंत्रिपरिषद को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि “बिहार और उत्तराखण्ड के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध रहे हैं। मुझे विश्वास है कि नई सरकार के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा।”
शपथ ग्रहण के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से आए गणमान्य नेताओं ने भी उपस्थित होकर नई सरकार को शुभकामनाएं दीं।
सीएम धामी ने कई राज्यों के वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार भेंट कर राष्ट्रीय विकास, सुशासन और समन्वित प्रगतिशील नीतियों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री धामी ने बिहार की जनता के उज्ज्वल भविष्य, राज्य की निरंतर प्रगति और नई सरकार के सफल कार्यकाल की कामना की।
