वाणीश्री न्यूज़, वैशाली। दिन-दुखियों की सेवा ही सच्ची सेवा है। समाज के दबे-कुचले और जरूरतमंद लोगों की मदद करने से ही ईश्वर प्रसन्न होते हैं। भीषण ठंड के इस दौर में असहाय एवं निर्धन वर्ग के लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इन्हीं समस्याओं को देखते हुए सदर प्रखंड अंतर्गत सेंदुआरी पंचायत के वार्ड संख्या 05 स्थित प्राणपुर बेरई गांव में समाजसेवी अमरजीत राय की अध्यक्षता में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों असहाय, निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी मनोज पाण्डेय ने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कर्म से होती है, न कि जाति, पात या धर्म से। उन्होंने कहा कि अमरजीत राय द्वारा भीषण ठंड को देखते हुए निर्धन एवं असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण कर समाज में एक प्रेरणादायी मिसाल कायम की गई है। यह कार्य समाज को सेवा और मानवता का सशक्त संदेश देता है।
इस अवसर पर पानापुर लगा पंचायत के सरपंच हरेंद्र पंडित, समाजसेवी सिंघेश्वर दास, दीपू कुमार, उमेश कुशवाहा, पंचायत समिति सदस्य रमेश कुमार, राम नारायण राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कंबल पाकर निर्धन एवं असहाय लोग काफी प्रसन्न नजर आए और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
