न्यूज़ डेस्क, वाणीश्री न्यूज़। महाशिवरात्रि 2026 के पावन अवसर पर श्री बाबा पातालेश्वर नाथ महादेव मंदिर, हाजीपुर से निकली भव्य शोभायात्रा जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व में पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिला प्रशासन की पूर्व निर्धारित व्यापक तैयारी, सतर्क निगरानी एवं सभी विभागों के समन्वित प्रयास से पर्व गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
जिलाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में तैयार की गई सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्रबंधन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया। संयुक्त आदेश के तहत प्रतिनियुक्त 49 स्थलों पर लगभग 100 दंडाधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों द्वारा विधि-व्यवस्था का बेहतर एवं समन्वित पालन सुनिश्चित किया गया, जिससे पूरे आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही। संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी गई।

शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर कटरा मोहल्ला, मस्जिद चौक, थाना चौक, गुड़री रोड, राजेंद्र चौक एवं अनवरपुर चौक होते हुए अक्षयवट राय स्टेडियम (कचहरी मैदान) पहुँची। तत्पश्चात शोभा यात्रा पुनः निर्धारित मार्ग से मंदिर परिसर लौटा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह, अनुशासन एवं प्रशासन के प्रति सहयोग उल्लेखनीय रहा।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार लागू ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला। प्रमुख मार्गों पर निर्धारित समयावधि तक वाहनों का परिचालन नियंत्रित रखा गया तथा वैकल्पिक मार्गों से यातायात सुचारू रूप से संचालित हुआ। कोनहारा मोड़ से आने वाले वाहनों को लालगंज-भोमरिया-अंजानपीर मार्ग से डायवर्ट किए जाने के कारण शहर में कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष से निरंतर मॉनिटरिंग की गई। किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अप्रिय स्थिति से निपटने हेतु त्वरित कार्रवाई के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारी सतर्क रहे। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को निर्धारित मानकों के अनुरूप नियंत्रित रखा गया, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
शांति समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के सक्रिय सहयोग से महाशिवरात्रि का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देशानुसार पुलिस प्रशासन, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारीगण, नगर निकाय, विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्थल पर उपस्थित रहकर विधि व्यवस्था का संधारण सुनिश्चित किया।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने पुनः यह सिद्ध किया कि समन्वित योजना, प्रभावी निगरानी, दंडाधिकारियों की सजगता एवं सामुदायिक सहभागिता से बड़े धार्मिक आयोजनों को भी पूर्ण शांति, अनुशासन एवं गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सकता है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
