न्यूज़ डेस्क, वैशाली। 53वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर महनार प्रखंड मुख्यालय स्थित अशोक सम्राट भवन, नगर परिषद में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महनार विधायक उमेश सिंह कुशवाहा, नगर परिषद के सभापति रमेश कुमार राय एवं उपसभापति लैला देवी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक उमेश सिंह कुशवाहा ने उपस्थित लोगों को जिला स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले लोगों को बधाई देते हुए सफल आयोजन के लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार की सराहना की। विधायक ने कहा कि वैशाली लोकतंत्र की पुण्य भूमि है, जिसे पूरी दुनिया जानती है और ऐसी ऐतिहासिक धरती पर जन्म लेना हम सभी के लिए गर्व की बात है।
महनार को अलग जिला घोषित करने की मांग
नगर परिषद महनार के सभापति रमेश कुमार राय ने जिला स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में शामिल विधायक उमेश सिंह कुशवाहा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में महनार को अलग जिला घोषित किए जाने की मांग उठाई। कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों के बीच सामग्री का वितरण किया गया। इसमें जीविका समूहों को बैंकों द्वारा प्रदान की गई ऋण राशि के चेक, हसनपुर पंचायत सहित अन्य पंचायतों के भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग द्वारा लेबर कार्ड, जिरामजी योजना के तहत जॉब कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तथा दिव्यांगजनों के बीच ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया। इसके साथ ही बेटी के जन्म पर प्रोत्साहन सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली चेक राशि का वितरण भी किया गया।
सरकारी योजनाओं की झांकियों ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविकाओं, जन वितरण प्रणाली, कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की झांकियां सजाई गईं, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर लगाकर आंखों की जांच, सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं आयुष्मान कार्ड से संबंधित सेवाएं दी गईं। अंचल कार्यालय सहित अन्य विभागों द्वारा भी नागरिकों से जुड़े विभिन्न कार्यों का निष्पादन किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल एवं नगर परिषद स्तर के अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन महनार बीडीओ मुकेश कुमार ने किया।
