
न्यूज़ डेस्क, वाणीश्री न्यूज़। वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड में एक 14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना तब घटित हुई जब वह मंगलवार की देर रात शौचालय हेतु बाहर निकली थी। पूरा मामला बिदुपुर प्रखंड के पानापुर क्याम का है जहां रात में शौच के लिए घर के बाहर निकली 14 वर्षीय बच्ची को बगल के ही लड़कों द्वारा उठा लिया गया। जिसके बाद बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म की गई।
इस संबंध में पीड़िता के पिता ने बताया कि वह घर के बाहर सो रहा था। पानी पीने के लिए उठा तो देखा बाहर एक लड़का घूम रहा है। इसके बाद वह घर में गया तो उसकी बच्ची घर में नहीं थी। जब बाहर निकला तब तक लड़का गायब था। ढूंढने के क्रम में बगल के घर से बच्ची की आवाज आ रही थी जहां वह पहुंचा तो देखा कि उसके बच्ची के साथ दुष्कर्म किया जा रहा था। जब वह आरोपी को पकड़ने की कोशिश किया तो लड़का वहां से भाग निकला और दूसरा कमरे में बंद कर अपने दादा को फोन कर बुला लिया।
इसके बाद दादा घर पहुंचा और पीड़िता के पिता से मारपीट करने लगा और आरोपी को भी भगा दिया। साथ ही साथ अपने पुलिस में होने की धौंस भी दी। इसी दौरान उसकी बच्ची भी डर कर वहां से भाग निकली जिसे काफी देर खोजने के बाद घर लाया गया। मामले को लेकर सुबह में बिदुपुर थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज करवाई गई। शिकायत के बाद बिदुपुर पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया गया। वहीं एसएफएल की टीम पहुंचकर जांच भी कर रही है। इस संबंध में बिदुपुर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।