वाणीश्री न्यूज़, वैशाली। समुदाय आधारित ग्रामीण आजीविका कार्यक्रम के तहत प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कर्मियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत के कार्यालय, राजापाकर में किया गया।
कार्यशाला में क्षेत्र के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आजीविका कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया तक पहुंचाना, जमीनी स्तर पर हो रहे विकास कार्यों को सामने लाना तथा ग्रामीण समुदाय की समस्याओं को प्रभावी ढंग से समाज और प्रशासन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को मजबूत करना था।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों द्वारा समुदाय आधारित आजीविका मॉडल, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूहों की भूमिका, कृषि आधारित आय वृद्धि, पशुपालन, लघु उद्योग तथा ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मीडिया कर्मियों को यह भी बताया गया कि किस प्रकार वे ग्रामीण विकास से जुड़े सकारात्मक बदलावों और चुनौतियों को निष्पक्ष और तथ्यात्मक तरीके से समाज के सामने रख सकते हैं।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं की सफलता में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मीडिया के माध्यम से न केवल योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचती है बल्कि इससे सरकार और संस्थाओं को जमीनी फीडबैक भी मिलता है, जिससे योजनाओं को और बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यशाला में प्रतिभागियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में रिपोर्टिंग के दौरान आने वाली चुनौतियों, सूचनाओं के स्रोत, तथ्य सत्यापन, सामाजिक संवेदनशीलता तथा विकास पत्रकारिता पर अपने अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम में वाणीश्री न्यूज़ के ब्यूरो चीफ नलिनी भारद्वाज के अलावा अन्य बैनर के संवाददाता के साथ आगा खान संस्था से जीतेश कुमार, सविता कुमारी, सफ़क नाज, बिपिन कुमार, अभिषेक कुमार, अमित कुमार, अंगद आजाद, उमेश कुमार, भूषण कुमार, साई इत्यादि उपस्थित थे।
