वाणीश्री न्यूज़, वैशाली। वैशाली जिले में किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन वैशाली के मार्गदर्शन में कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में कृषि विभाग, बिहार सरकार द्वारा जिला कृषि कार्यालय, हाजीपुर परिसर में आयोजित दो दिवसीय कृषि यंत्र मेला-सह-प्रदर्शनी (11-12मार्च 2026)के दूसरे दिन किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों और कृषि यंत्रीकरण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उप परियोजना निदेशक (आत्मा) द्वारा किसानों को बताया गया कि कृषि कार्यों में आधुनिक यंत्रों के उपयोग से समय और श्रम की बचत होती है तथा उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि होती है। बदलते समय में कृषि कार्यों को तकनीक आधारित बनाने के लिए किसानों को कृषि यंत्रीकरण अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
किसानों को यह भी जानकारी दी गई कि कृषि यंत्रों की खरीद के लिए OFMAS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जाता है। आवेदन के सत्यापन के बाद ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से परमिट जारी किया जाता है, जिसकी सूचना किसानों को एसएमएस के जरिए मिलती है। परमिट प्राप्त होने के बाद किसान अधिकृत विक्रेताओं से कृषि यंत्र खरीद सकते हैं तथा भौतिक सत्यापन के बाद अनुदान की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाती है।
इस अवसर पर सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण द्वारा जानकारी दी गई कि कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रों की खरीद पर किसानों को 40 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है। साथ ही कस्टम हायरिंग सेंटर एवं कृषि यंत्र बैंक की स्थापना से छोटे एवं सीमांत किसान भी आवश्यकता अनुसार कृषि यंत्रों का उपयोग कर सकते हैं।
मेले के दौरान विभिन्न कंपनियों एवं विक्रेताओं द्वारा कृषि यंत्रों के स्टॉल लगाए गए, जहां किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया। बड़ी संख्या में किसानों ने मेले में भाग लेकर कृषि विभाग की योजनाओं एवं नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का मंच संचालन उप परियोजना निदेशक, आत्मा द्वारा किया गया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ मेले का समापन किया गया।
जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
