
न्यूज़ डेस्क, वैशाली। भीषण ठंड को देखते हुए गरीबों की सेवा को लेकर लोग अब आगे आने लगे हैं। बिदुपुर प्रखंड के रहिमापुर पंचायत में ठंड को देखते हुए गरीब असहाय व दिव्यांगों के बीच मुखिया अनिता कुमारी ने कंबल वितरण किया।
इस अवसर पर रहिमापुर पंचायत के 400 सौ से अधिक गरीब, असहाय, वृद्ध व लाचार लोगों के बीच कंबल वितरित किया गया। कम्बल वितरण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार मनीष भारद्वाज, पूर्व सरपंच सह मुखिया प्रतिनिधि मिलन सिंह द्वारा भी लोगों के बीच कम्बल का वितरण किया गया। इस मौके पर लोगों की काफी भीड़ लगी रही।
लोगों ने कहा कि बीते तीन चार दिनों से अचानक ठंड में काफी वृद्धि हुई है जिससे गरीब, असहाय को ठंड से काफी परेशानी उठानी पर रही है। ऐसे में कंबल वितरण से ठंड से बचने में काफी मदद मिलेगी। इस मौके पर मुखिया अनिता कुमारी ने कहा कि ठंड में सबसे ज्यादा परेशानी गरीब व लाचार लोगों को होती है। जिनके पास ठंड से बचने को लेकर समुचित कपड़े नहीं रहते हैं। ऐसे लोगों का हर किसी को सहयोग करना चाहिए।
मुखिया प्रतिनिधि मिलन सिंह ने बताया कि अत्यधिक ठंड को देखते हुए गरीबों के बीच कम्बल का वितरण किया गया। आज वार्ड संख्या 1 से 6 तक के चार सौ से अधिक गरीबों के बीच कंबल का वितरण किया गया है। आगामी 9 जनवरी को रहिमापुर पेठिया वार्ड 9 में वार्ड संख्या 7 से 10 तक के गरीबों और असहायों के बीच एवं 10 जनवरी को इस्माईलपुर स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के प्रांगण में वार्ड संख्या 10 से 14 तक के असहायों के बीच कंवल का वितरण किया जाएगा। मौके पर डीलर तेजनारायण सिंह, मोहन सिंह, वार्ड 1 से 6 तक के वार्ड सदस्य के अलावा अन्य गणमान्य मौजूद रहे।