lन्यूज डेस्क, महनार। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में रंगों के महापर्व होली के अवसर पर होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, अंचलाधिकारी पूजा राय सहित P के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
समारोह के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। रंग-अबीर और हंसी-ठिठोली के बीच आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं सहयोग की भावना को और सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। पूरे कार्यालय परिसर में उत्सव का उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से आपसी समन्वय मजबूत होता है और कार्यों के निष्पादन में सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
वहीं अंचलाधिकारी पूजा राय ने सभी कर्मियों से आह्वान किया कि वे इसी सामूहिक भावना के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाएं और आमजन की सेवा में तत्पर रहें।
समारोह में उपस्थित कर्मचारियों ने भी एक-दूसरे को बधाई देते हुए पर्व को खुशी और उमंग के साथ मनाया। कार्यक्रम ने कार्यालय परिवार के बीच आत्मीयता और सामंजस्य की भावना को और प्रगाढ़ किया।
