न्यूज़ डेस्क, बिदुपुर। बिदुपुर प्रखंड सभागार भवन के प्रांगण में शनिवार को प्रखंड प्रमुख एवं बीडीओ के संयुक्त तत्वावधान में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रखंड क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। पूरे परिसर में उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता, प्रेम, सद्भावना और भाईचारे का संदेश देना था। वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मन के मैल को दूर कर रिश्तों को प्रगाढ़ बनाने का अवसर भी है।

समारोह का विधिवत शुभारंभ प्रखंड प्रमुख फूलकुमारी देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से आपसी मतभेद दूर होते हैं और समाज में एकजुटता की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम का संचालन बीडीओ कुमार मनीष भारद्वाज ने किया। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और गले मिलकर भाईचारे का परिचय दिया। सभागार परिसर में पारंपरिक होली गीतों की मधुर धुन गूंजती रही। सोनपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध लोकगीत—“रंग लुटे महादेव बाबा हरिहर नाथ” एवं “कागा ले जा अबीर सिम्मा पर होइहे बलमुआ” जैसे गीतों पर अधिकारी और जनप्रतिनिधि झूमते नजर आए। रंगों की बौछार और ढोल-नगाड़ों की थाप ने माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।
सुबह से प्रारंभ हुआ यह रंगारंग कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। आयोजन के दौरान अतिथियों के लिए अल्पाहार एवं जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और सौहार्द का विशेष ध्यान रखा गया।
होली मिलन समारोह में सीओ करिश्मा कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रेखा सिन्हा, थानाध्यक्ष रवि प्रकाश, बीपीआरओ निशांत कुमार, पीओ विनय कुमार के अलावा पूरे प्रखंड क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के समापन पर सभी ने आपसी एकता बनाए रखने और क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
