बिदुपुर। बिदुपुर प्रखंड के रहीमापुर पंचायत स्थित श्रीराम जानकी मठ, इस्माईलपुर के प्रांगण में रामायण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशेष बात यह रही कि अल्पसंख्यक समाज के विद्यार्थियों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।
जानकारी के अनुसार बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य सायन कुणाल द्वारा इस प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2021 में अयोध्या से की गई थी। इस अवसर पर उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
प्रतियोगिता में ट्रिनिटी स्कूल की छात्रा तमन्ना श्री ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय इस्माईलपुर के अमन राज ने द्वितीय तथा ओएसिस स्कूल पानापुर धर्मपुर के सुमंत सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा 18 अन्य प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अमावा अयोध्या मंदिर के पंकज ने की, जबकि संचालन हेमंत कुमार, पुजारी सुरजीत दास और शत्रुघ्न सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रसार करना तथा बच्चों में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श गुणों और चरित्र को आत्मसात करने की प्रेरणा देना है।
