वैशाली, 01 मार्च 2026। आगामी होली पर्व को लेकर अवैध शराब के सेवन, निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वैशाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
इसी क्रम में लालगंज थाना क्षेत्र के सलेमपुर दियरा इलाके में छापेमारी कर लगभग 1,000 लीटर अर्धनिर्मित जावा महुआ देसी शराब को नष्ट किया गया। साथ ही मौके पर संचालित 3 अवैध भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस की टीम ने दियरा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाकर झाड़ियों और खेतों के बीच छिपाकर रखे गए शराब बनाने के उपकरणों को बरामद किया। बरामद सामग्री को विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली के मद्देनजर जिले भर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में अवैध गतिविधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का भरोसा दिलाया है।
