वाणीश्री न्यूज़, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के युवा कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन दिनांक 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार, पटना के निर्देश के आलोक में वक्तृता के स्थान पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा । जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, वैशाली द्वारा आयोजन की हरसंभव तैयारियां की जा रही हैं।
जिला युवा उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकार भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए कलाकारों की आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। उत्सव का उद्देश्य युवाओं को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में सहभागिता का अवसर प्रदान करना है।
युवा उत्सव के अंतर्गत समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं कविता लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। समूह लोकनृत्य एवं समूह लोकगीत प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 7 कलाकार तथा 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के 3 सहयोगी कलाकार शामिल हो सकेंगे। इन दोनों प्रतियोगिताओं के लिए प्रस्तुति की अधिकतम अवधि 5 से 8 मिनट निर्धारित की गई है। रिकॉर्डेड संगीत की अनुमति नहीं होगी।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता के लिए अधिकतम 10 प्रतिभागियों की भागीदारी निर्धारित है तथा प्रस्तुति की अवधि 7 मिनट होगी।कविता लेखन प्रतियोगिता में शब्द सीमा 500 शब्दों तक तथा प्रस्तुति की अवधि अधिकतम 1.5 घंटे निर्धारित की गई है। वहीं,चित्रकला प्रतियोगिता के लिए 2 घंटे का समय निर्धारित है और चित्रकला का कैप्शन 20 से 30 शब्दों में लिखनी होगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक कलाकार जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, वैशाली से आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं अथवा ऑनलाइन गूगल फॉर्म लिंक 🔗 https://docs.google.com/forms/d/e/1FAIpQLScOQ4pEIRKBTqpy2KHnX9x1f_ThP0NlER96_VEApEdJ3cZYqQ/viewform?usp=header के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर 2026, शनिवार, अपराह्न 4 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन के लिए विभागीय पत्र में उपलब्ध क्यूआर कोड एवं गूगल फॉर्म लिंक का उपयोग किया जा सकता है। इच्छुक प्रतिभागियों से अपील है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी, वैशाली के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जा रही है। जिले के अधिकाधिक युवा कलाकारों से इस आयोजन में भाग लेने की अपील की जाती है, ताकि वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और जिले की सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ बनाने में योगदान दे सकें।
