न्यूज़ डेस्क,बिदुपुर। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय वैशाली के लिटररी क्लब द्वारा महाविद्यालय के द्वितीय तल स्थित लैंग्वेज लैब में “कम्युनिकेशन” विषय पर ओरल प्रेजेंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के सेकंड सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने संवाद कौशल का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनंत कुमार ने कहा कि इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए बेहतर कम्युनिकेशन स्किल रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि ओरल प्रेजेंटेशन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करने के साथ-साथ अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की कला सिखाता है।
कार्यक्रम के दौरान लिटररी क्लब एवं अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने संवाद कौशल को मानव जीवन का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि सफल कम्युनिकेशन के बिना किसी भी क्षेत्र में सफलता संभव नहीं है। वहीं प्रो. साईनाथ विश्वकर्मा ने कम्युनिकेशन के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी दी और बताया कि व्यक्ति का व्यक्तित्व भी उसके संवाद कौशल से परिलक्षित होता है।
इस अवसर पर डॉ. संगीता सिंह तथा लैंग्वेज लैब असिस्टेंट सोनी कुमारी भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में खुशी कुमारी, अंशु राज, हर्षदीप कुमार, आन्या श्रीवास्तव, सत्यम कुमार, आयुषी राज, अफनान अहमद, नीरज कुमार, आंचल कुमारी, आर्यन आनंद, खुशबू कुमारी एवं रिया कुमारी समेत कई छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुति दी।
मूल्यांकन के आधार पर आन्या श्रीवास्तव ने प्रथम, अफनान अहमद ने द्वितीय तथा आयुषी राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों के व्यक्तित्व विकास एवं रोजगार कौशल को मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
