न्यूज़ डेस्क सीतामढ़ी। शहर में बढ़ती यातायात जाम और अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी रिची पांडेय ने मंगलवार को मेहसौल चौक, स्टेशन रोड और किरण चौक सहित कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण, अनियमित पार्किंग, ठेला-फेरीवालों की अव्यवस्था, झूलते विद्युत तार और सफाई की कमी को जाम का मुख्य कारण पाया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संयुक्त अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमणमुक्त करने, अवैध पोस्टर-बैनर हटाने तथा अनियमित पार्किंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम को विशेष सफाई अभियान चलाने और ठेला-फेरीवालों को व्यवस्थित करने का आदेश दिया गया। साथ ही लखनदेई नदी तट पर हो रहे अतिक्रमण की सूची बनाकर कार्रवाई करने तथा झूलते बिजली तारों को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश भी दिया गया।
डीएम ने प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला की बिक्री रोकने के लिए संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने की भी बात कही। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
