न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 02 मई 2026 से प्रारंभ हुआ मकान सूचीकरण (House Listing Operation – HLO) कार्य जिले में सुचारू रूप से जारी है। यह कार्य 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। जिले में इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु कुल 6743 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए 6554 प्रगणकों (पुरुष एवं महिला) एवं 1148 पर्यवेक्षकों (Supervisors) की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिन्हें पूर्व में आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए जा चुके हैं।
मकान सूचीकरण कार्य के अंतर्गत प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जा रहा है, जिसमें भवनों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं। यह जानकारी भविष्य की विकासात्मक योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया है कि वे इस कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ निर्धारित समयसीमा में संपादित करें।
साथ ही, उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन द्वारा पुनः स्पष्ट किया गया है कि जनगणना से संबंधित सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा यह कार्य विधिसम्मत रूप से संचालित किया जा रहा है। अतः नागरिक निःसंकोच होकर इसमें सहभागिता सुनिश्चित करें।
