न्यूज़ डेस्क,वैशाली। जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु पंचायत स्तर पर “सहयोग शिविर” आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में संयुक्त आदेश जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रशासनिक सेवाएं सीधे आम जनता तक पहुंच सकें।
डीएम वैशाली ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 19 मई 2026 को विभिन्न पंचायतों में शिविर आयोजित होंगे, जिसके लिए पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि मौके पर ही शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
“सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य के तहत प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को भी विभिन्न स्तरों पर शिकायतों के निष्पादन की व्यवस्था जारी रहेगी, जहां अधिकारी उपस्थित होकर समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे।
इस पहल के तहत अब आम नागरिकों को प्रखंड या जिला कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि पंचायत स्तर पर ही राजस्व, पेंशन, आवास, जन वितरण प्रणाली सहित विभिन्न सेवाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
डीएम वैशाली ने निर्देश दिया है कि शिविर से पूर्व आवेदन प्राप्त कर उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें।
प्रखंडवार सहयोग शिविर का कार्यक्रम (19 मई 2026) इस प्रकार है –
प्रखंड हाजीपुर पंचायत-दौलतपुर, प्रखंड गोरौल पंचायत-कटरमाला, प्रखंड भगवानपुर पंचायत-मांगनपुर,
प्रखंड- सहदेई बुजुर्ग पंचायत-सलहा, प्रखंड- राजापाकर पंचायत- बेरई, प्रखंड- जंदाहा पंचायत-बोरहा उर्फ रसूलपुर गौस, प्रखंड-चेहराकला पंचायत- विशुनपुर अड़रा, प्रखंड- वैशाली पंचायत- अमृतपुर, प्रखंड- लालगंज पंचायत- सररिया, प्रखंड- पातेपुर पंचायत- भैरोखारा, प्रखंड- महनार पंचायत- महिंदवारा, प्रखंड- पटेढ़ी बेलसर पंचायत- साईन, प्रखंड- बिदुपुर पंचायत- सैदपुर गणेश, प्रखंड- महुआ पंचायत- ताजपुर बुजुर्ग, प्रखंड- राघोपुर पंचायत- तेरसिया, प्रखंड- देसरी पंचायत- जहांगीरपुर,
शिविरों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ऑनलाइन पोर्टल एवं रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। साथ ही, शिविर स्थल पर आवश्यक सुविधाएं, विधि-व्यवस्था एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अंततः, जिला पदाधिकारी, वैशाली ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सहयोग शिविरों का आयोजन प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुख तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके।
