न्यूज़ डेस्क, वैशाली। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, वैशाली में विश्व उद्यमिता दिवस के अवसर पर स्टार्टअप सेल वैशाली के तत्वावधान में ‘स्केल अप एंड मार्केट एक्सेस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच उद्यमिता एवं स्टार्टअप के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आधुनिक भारत के निर्माण में स्टार्टअप की भूमिका और आवश्यकता से विद्यार्थियों को अवगत कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला उद्योग केंद्र, वैशाली के महाप्रबंधक (GM) श्री भवेश कुमार तिवारी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग विभाग, बिहार सरकार द्वारा स्टार्टअप एवं उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं एवं अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने नवाचार एवं व्यावसायिक विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बिदुपुर थाना के सब-इंस्पेक्टर श्री दीपक कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्टार्टअप सेल वैशाली के फैकल्टी इंचार्ज प्रो. सुमित लाल एवं प्रो. आलोक कुमार द्वारा की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक भारत के निर्माण में स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता की बढ़ती आवश्यकता के बारे में जानकारी दी तथा युवाओं को रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में Windson Solution के निदेशक श्री रवि रंजन ने अपने स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में अब तक के अनुभवों और यात्रा को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। उन्होंने स्टार्टअप की शुरुआत से लेकर उसके विकास तक आने वाली चुनौतियों, अवसरों एवं सीख के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।
वहीं, छात्र उद्यमी श्री अंकित राज ने अपने छात्र जीवन के अनुभवों एवं संघर्षों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ स्टार्टअप एवं उद्यमिता को संतुलित रूप से आगे बढ़ाने के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने विचारों पर काम करने, छोटी शुरुआत करने और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्टार्टअप समन्वयक श्री देवाशिष कुमार ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप के क्षेत्र में नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपने अभिनव विचारों को पहचानने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के दो छात्र शिवम कुमार एवं अजय कुमार द्वारा विकसित उत्पादों का मुख्य अतिथि श्री भवेश कुमार तिवारी के द्वारा औपचारिक रूप से लॉन्च भी किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों ने युवा छात्र उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य श्री आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्टार्टअप सेल वैशाली, उद्योग विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के बीच स्टार्टअप एवं उद्यमिता की भावना को जागृत करने के लिए निरंतर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है और आज महाविद्यालय के विद्यार्थियों के बीच स्टार्टअप शुरू करने को लेकर काफी उत्साह एवं रुचि दिखाई दे रही है।
प्राचार्य ने कहा कि भविष्य में भी स्टार्टअप सेल वैशाली द्वारा उद्योग विभाग के सहयोग एवं समन्वय से विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में हर संभव मार्गदर्शन, सहयोग एवं अवसर उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता, स्टार्टअप एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा आधुनिक एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवा उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
