न्यूज़ डेस्क, हाजीपुर, वैशाली। जिले में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान को जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के प्रभावी नेतृत्व एवं सतत निगरानी में नई गति मिली है। उनके मार्गदर्शन में वैशाली ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जिले में लगभग 14 वर्ष से ऊपर एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की कुल 40,281 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें 15 हजार से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण कार्य पूर्ण हो चुका है। साथ ही, दिनांक 30 अप्रैल तक 50 प्रतिशत उपलब्धि (लगभग 21,175) का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे सफलतापूर्वक प्राप्त कर लिया गया है। अब जिला प्रशासन द्वारा 31 मई तक शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ-साथ विद्यालयों के सहयोग से अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के नेतृत्व में चेहराकलां, वैशाली, सदर एवं गोरौल प्रखंडों में 75 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। वहीं पातेपुर, जन्दाहा, महुआ एवं लालगंज प्रखंडों में अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना करते हुए शीघ्र शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं|
डीएम वर्षा सिंह ने जिले के अभिभावकों एवं 14 -15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं से अपील करते हुए कहा है कि एचपीवी टीका पूर्णतः सुरक्षित एवं निःशुल्क है। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने आग्रह किया कि जिन घरों में इस आयु वर्ग की बालिकाएं हैं, वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अवश्य टीकाकरण कराएं।
उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही इस महत्वपूर्ण अभियान का लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सकता है और जिले की बालिकाओं का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सकता है।
