न्यूज़ डेस्क, वैशाली। वैशाली पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा 02 मई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में जंदाहा थाना अध्यक्ष के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी गई है। कर्तव्य पालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले की विभागीय जांच कराई गई।
जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि जंदाहा थाना अध्यक्ष पु०अ०नि० मनोज कुमार पर शराब कारोबारियों से कथित सांठगांठ एवं संदिग्ध आचरण के आरोप सही पाए गए हैं, जो पुलिस सेवा नियमों के विरुद्ध है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वैशाली ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना अध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही, यह भी बताया जा रहा है कि उनका व्यवहार भी संतोषजनक नहीं था, जिसकी शिकायतें पहले से मिल रही थीं।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता या गलत आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
