न्यूज़ डेस्क,हाजीपुर, वैशाली। वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना मगरहट्टा मोहल्ला की है, जहां शुक्रवार की देर संध्या करीब 7:30 से 8 बजे के बीच हेमंती देवी (उम्र लगभग 32 वर्ष), पति स्वर्गीय सकलदीप पासवान, निवासी हेला बाजार, थाना-नगर की निर्मम हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक वैशाली एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तत्काल इलाके को घेरकर साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की गहराई से जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस घटना को अंजाम देने वाला आरोपी उसी मोहल्ले का निवासी इंदल पासवान है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले मृतका और आरोपी को एक साथ आते-जाते देखा गया था। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात है, हालांकि प्रशासन के अनुसार विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
👉 Vaanishree News
आपके क्षेत्र की हर बड़ी खबर सबसे पहले
