न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देश पर जिला आपूर्ति शाखा द्वारा एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी एवं प्रभावी अनुश्रवण किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप जिले में घरेलू गैस की उपलब्धता सामान्य एवं निर्बाध बनी हुई है। जिला प्रशासन प्रतिदिन गैस एजेंसियों के स्टॉक, बुकिंग एवं वितरण की समीक्षा कर रहा है ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला आपूर्ति कार्यालय के अनुसार वैशाली जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 67 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से 8,06,738 घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति की जा रही है।

दिनांक 05 अगस्त 2026 तक जिले की गैस एजेंसियों के पास 19,608 एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन औसतन 12,624 सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है तथा कुल बैकलॉग लगभग 2.8 दिन का है, जो सामान्य स्थिति को दर्शाता है।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि शहरी क्षेत्रों में अंतिम सिलेंडर वितरण के 25 दिनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति दी जाए, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। साथ ही सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर नियमित निगरानी कराई जा रही है।
जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारियों, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है तथा अब तक ऐसे मामलों में तीन प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं।
घरेलू एलपीजी पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन नगर परिषद क्षेत्र में पीएनजी कनेक्शन को भी प्रोत्साहित कर रहा है। वहीं, आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय है। एलपीजी आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता 06224-260233 एवं 260234 पर संपर्क कर सकते हैं। 06 अगस्त 2026 तक प्राप्त 1,288 शिकायतों में से 1,285 का निष्पादन किया जा चुका है।
जिला पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया है कि वे अपने कार्यालय के बाहर गैस वितरण की तिथि एवं उपलब्ध स्टॉक का विवरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें, ताकि उपभोक्ताओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध हो सके। उन्होंने आमजन से अपील की है कि जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
