Vaanishree News। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा जिले भर में तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों, नगर निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्रमुख एवं स्थानीय छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं। सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है।
जिले के विभिन्न प्रखंडों में छठ घाटों की साफ-सफाई, घाटों तक पहुँचने वाले मार्गों की मरम्मत, झाड़ियों की कटाई, कचरे का उठाव एवं जलाशयों के आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करने का कार्य कराया जा रहा है। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर आवश्यकतानुसार सीढ़ियों की मरम्मत एवं निर्माण, अस्थायी चेंजिंग रूम, पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर भी घाटों की तैयारियों एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नदी एवं अन्य जलाशयों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील एवं खतरनाक स्थलों की पहचान, सुरक्षित अर्घ्य स्थलों का चिह्नांकन तथा आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने की कार्रवाई की जा रही है। प्रमुख एवं संवेदनशील घाटों पर वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था की तैयारी भी की जा रही है।
इसी क्रम में नगर परिषद हाजीपुर क्षेत्र में छठ महापर्व की तैयारियों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। नगर परिषद क्षेत्र के सभी 35 छठ घाटों एवं पोखरों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित कार्य कराए जा रहे हैं। घाटों पर सीढ़ियों का निर्माण एवं मरम्मत, अस्थायी चेंजिंग रूम की व्यवस्था, नदी में बैरिकेडिंग, वॉच टावर एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी की तैयारी की जा रही है। घाटों पर नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था के साथ-साथ घाटों तक पहुँचने वाले मार्गों की साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है।
नगर परिषद हाजीपुर के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न घाटों का नियमित निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। सभी 35 घाटों एवं पोखरों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के लिए निरीक्षण एवं निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही सफाई कर्मियों की उपलब्धता, कचरे का नियमित उठाव एवं पर्व के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। नगर परिषद के अतिरिक्त जिले के अन्य नगर निकायों में भी संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित करने तथा तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।
छठ महापर्व के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित आवागमन, पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था के साथ ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों की सतत निगरानी की जा रही है।
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। सभी घाटों का भौतिक निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं में पाई जाने वाली कमियों को ससमय दूर किया जाए तथा पर्व के दौरान भी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी, वैशाली द्वारा आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे छठ घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें, नदी एवं जलाशयों में निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान करें। जिला प्रशासन लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को स्वच्छ, सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
