वाणीश्री न्यूज़, हाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बिहार विधान परिषद् के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही वैशाली जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस क्रम में जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आज मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व जिला पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता के माध्यम से निर्वाचन कार्यक्रम, निर्वाचक सूची, मतदान केन्द्रों एवं मीडिया मॉनिटरिंग से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के प्रेस नोट संख्या ECI/PN/118/2026 दिनांक 22.09.2026 के आलोक में तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 की निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है तथा इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितम्बर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी।
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 के पूर्व पूर्ण कर ली जाएगी। नामांकन आयुक्त, कार्यालय, मुजफ्फरपुर में 29 सितम्बर से 06 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि वैशाली जिले में निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन दिनांक 30.12.2025 के अनुसार तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 32,299 निर्वाचक तथा तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,922 निर्वाचक हैं। वर्तमान में निर्वाचक सूची के सतत् अद्यतीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद निर्वाचकों की अंतिम संख्या की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सतत् अद्यतीकरण के क्रम में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र संख्या 73-पातेपुर एवं मतदान केन्द्र संख्या 81-बिदुपुर में एक-एक अतिरिक्त सहायक मतदान केन्द्र बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसके बाद तिरहुत स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 32 मतदान केन्द्र, जिनमें 20 मूल एवं 12 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं, प्रस्तावित हैं।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सुझाव एवं विचार प्राप्त किए तथा उनके द्वारा उठाए गए बिंदुओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के बीच निरंतर समन्वय एवं सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने में प्रशासन को सहयोग करने की अपेक्षा व्यक्त की, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन के दौरान इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य मीडिया माध्यमों पर प्रसारित होने वाले राजनीतिक विज्ञापनों के मीडिया प्रमाणीकरण एवं मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर MCMC (Media Certification & Monitoring Committee) का गठन किया जा चुका है। समिति द्वारा टेलीविजन चैनल, केबल नेटवर्क, सिनेमा हॉल, सार्वजनिक स्थानों पर श्रव्य-दृश्य माध्यम, सोशल मीडिया, रेडियो एवं एफएम चैनल सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर प्रसारित होने वाले विज्ञापनों का नियमानुसार मीडिया प्रमाणीकरण एवं मॉनिटरिंग किया जाएगा।
बैठक में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रतिनिधि श्री अवधेश कुमार पाण्डेय, जनता दल (यूनाईटेड) के जिलाध्यक्ष श्री सुभाष चन्द्र सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष श्री वैधनाथ सिंह चन्द्रवंशी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के जिलाध्यक्ष श्री दीनबन्धु प्रसाद, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश सचिव श्री राम इकबाल सिंह, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि श्री नीरज कुमार तथा आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।
