वाणीश्री न्यूज़, हाजीपुर। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा . प्र . से . ) की पहल एवं मार्गदर्शन में जिले में जीविका से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें स्वरोजगार एवं विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज नारी सक्षम जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, तेरसिया, प्रखंड राघोपुर की प्रथम वार्षिक आमसभा का आयोजन गीता विवाह भवन, महनार रोड, हाजीपुर में किया गया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री कुन्दन कुमार ने भाग लिया। आमसभा में समिति की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान जीविका से जुड़ी महिलाओं को नशामुक्ति अभियान को घर-परिवार एवं समाज तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहकर पात्रता के आधार पर उनका लाभ लेने पर भी जोर दिया गया। नारी सक्षम जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के अंतर्गत वर्तमान में 524 स्वयं सहायता समूहों से 6,239 सदस्य जुड़ी हुई हैं। समिति के 30 हिस्सेदार हैं तथा इसके अंतर्गत 25 ग्राम संगठन संचालित किए जा रहे हैं। समिति का कार्यक्षेत्र राघोपुर प्रखंड की 2 पंचायतों के कुल 5 राजस्व गांवों तक सीमित है।
समिति का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक दृष्टि से पिछड़ी महिलाओं को समूह के माध्यम से विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सहकारिता के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए सदस्यों में पारस्परिक सहयोग एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना तथा रोजगार एवं जीविकोपार्जन के अवसरों को विकसित एवं प्रोत्साहित करना समिति की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती वंदना कुमारी ने बताया कि समिति से जुड़ी जीविका दीदियाँ खेती-बाड़ी, किराना दुकान, पशुपालन सहित विभिन्न व्यवसायों से जुड़कर अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं। समूह आधारित गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं।
जिला पदाधिकारी की पहल एवं मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, सामाजिक जागरूकता तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के प्रयासों को एकीकृत रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। जीविका समूहों की सामूहिक शक्ति का उपयोग नशामुक्ति एवं सामाजिक विकास के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में समिति की सचिव श्रीमती सिंधु देवी, कोषाध्यक्ष श्रीमती मंजू देवी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक, सामुदायिक समन्वयक सहित बड़ी संख्या में जीविका की दीदियाँ उपस्थित थीं।
