वाणीश्री न्यूज़, हाजीपुर। वैशाली जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के बुनियादी ढाँचे के विस्तार एवं अधिकाधिक घरों को पीएनजी कनेक्शन से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी पहल की जा रही है। जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में हाजीपुर शहर के वार्ड संख्या 9 एवं 10 में पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर गति देने तथा इन वार्डों को पूर्ण रूप से गैसयुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सुविधाजनक ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराना है। इसके तहत संबंधित एजेंसियों एवं जिला प्रशासन के समन्वय से पाइपलाइन विस्तार, कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा नागरिकों को पीएनजी अपनाने की प्रक्रिया की जानकारी देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पीएनजी के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन के समन्वय से विभिन्न वार्डों में विशेष जागरूकता शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जिंगल, सार्वजनिक उद्घोषणा एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए नागरिकों को पीएनजी के लाभ, सुरक्षा मानकों, कनेक्शन लेने की प्रक्रिया तथा उपयोग संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पीएनजी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए निरंतर गैस आपूर्ति की सुविधा प्रदान करती है। पाइप के माध्यम से आपूर्ति होने के कारण एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग, भंडारण एवं सिलेंडर उपलब्ध होने की प्रतीक्षा जैसी परेशानियों से राहत मिलती है। मीटर आधारित खपत के कारण उपभोक्ता अपने वास्तविक उपयोग के अनुरूप भुगतान कर सकते हैं। इसके साथ ही प्राकृतिक गैस अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन होने के कारण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पीएनजी विस्तार की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने तथा आम नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुँचाने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को आधुनिक, स्वच्छ एवं सुविधाजनक ऊर्जा व्यवस्था का अधिकाधिक लाभ मिले। पीएनजी इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार केवल ऊर्जा सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर आधारभूत संरचना के विकास, रोजगार के अवसरों के सृजन तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
