वाणीश्री न्यूज़, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में बिहार सरकार की पूर्ण शराबबंदी नीति एवं मद्य निषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चेचर में कार्रवाई करते हुए फुस की झोपड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान Magic Moments Grain Whisky के 141 कार्टून, कुल मात्रा 1262.880 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब के कार्टून पर “For Sale in Chandigarh Only” अंकित पाया गया। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार सघन छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। मद्य निषेध कानून के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है तथा शराब का निर्माण, भंडारण, परिवहन, बिक्री एवं सेवन कानूनन दंडनीय है। जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं विभागीय टीमों द्वारा सतत अनुश्रवण एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
