हाजीपुर, 05 नवंबर 2026। माननीय प्रधानमंत्री के संभावित वैशाली दौरे के मद्देनजर राज्य एवं जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को गति प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में आज मुख्य सचिव, बिहार श्री प्रत्यय अमृत एवं पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रीता वर्मा के नेतृत्व में राज्य एवं जिला स्तर के वरीय पदाधिकारियों ने राजापाकर एवं जंदाहा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चयनित इंडस्ट्रियल पार्क स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा आयोजन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल की भौतिक स्थिति, उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं एवं आयोजन की दृष्टि से आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस क्रम में हेलीपैड, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
वरीय अधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, आमजन की सुविधा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान माननीय मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार, सचिव, पथ निर्माण विभाग श्री पंकज पाल, सचिव, भवन निर्माण विभाग श्री प्रणव कुमार, उप महानिरीक्षक, तिरहुत प्रमंडल श्री चंदन कुशवाहा, जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, वैशाली श्री शुभांक मिश्रा सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा माननीय प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की महत्ता को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
