वाणीश्री न्यूज। रौशन यादव,सीतामढ़ी। जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के निर्देश के आलोक में शनिवार को प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित मेडिकल क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोनबरसा के प्रभारी कन्हैया कुमार, बीएचएम संतोष कुमार, सोनबरसा थाना के सब इंस्पेक्टर संजय कुमार तथा शस्त्र बलों की संयुक्त टीम ने लालबंदी पूर्वी एवं मुजौलिया गांव में छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान मुजौलिया गांव में अवैध रूप से संचालित एक क्लीनिक पर कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि एमबीबीएस डॉक्टर के नाम पर संचालित डी.के. गुप्ता के क्लीनिक में दवाइयां, प्लास्टर सामग्री तथा दवा दुकान बिना वैध अनुमति के चलाई जा रही थी। टीम द्वारा आवश्यक कागजात की मांग किए जाने पर संचालक एक भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वहीं क्लीनिक के बाहर एमबीबीएस की कथित फर्जी डिग्री का बोर्ड भी लगा पाया गया।
सीएचसी प्रभारी कन्हैया कुमार ने बताया कि सभी तथ्यों की जांच के बाद उक्त क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस एवं बिना योग्य चिकित्सकीय डिग्री के लोगों का इलाज करना कानूनन अपराध है और इससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न होता है।इसके बाद टीम लालबंदी पूर्वी गांव पहुंची, जहां छापेमारी की सूचना मिलते ही अधिकांश दुकानें बंद मिलीं और क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ था।
अधिकारियों ने आशंका जताई कि अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करने वाले लोग कार्रवाई की सूचना पाकर फरार हो गए। सीएचसी प्रभारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित सभी क्लीनिकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण और मान्यता के चल रहे क्लीनिक संचालक स्वयं अपनी दुकानें बंद कर दें, अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि इलाज के लिए केवल पंजीकृत एवं योग्य चिकित्सकों के पास ही जाएं और किसी भी संदिग्ध क्लीनिक की सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें।
