वाणीश्री न्यूज, सीतामढ़ी।रिपोर्ट :रौशन यादव। सोनबरसा प्रखंड मुख्यालय स्थित सोनबरसा बाजार में आयकर विभाग की कथित छापेमारी की अफवाह से दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अफवाह के कारण अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं, जिससे बाजार की गतिविधियां लगभग ठप हो गईं और ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सोनबरसा बाजार में आग की तरह सुबह से ही बाजार में यह चर्चा फैल गई कि आयकर विभाग की टीम अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। कुछ लोगों ने लालबन्दी पूर्वी और सहरोबा में रेड होने की बात कही, कई लोगों ने परिहार की दिशा में अधिकारियों की गाड़ी जाते देखने का दावा किया। देखते ही देखते यह सूचना पूरे बाजार मेंआग की तरह फैल गई और दुकानदारों में भय का माहौल बन गया। झूठे अफवाह का कारण इतना बड़ा रहा कि कपड़ा, किराना, कॉस्मेटिक, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक, कबाड़ा, बालू, सीमेंट, छड़ सहित लगभग सभी प्रकार की दुकानें बंद रहीं।
कई दुकानदार ने दुकान का शटर गिराकर दुकान के अंदर बैठे रहे। कुछ व्यापारी थोड़ी देर के लिए दुकान खोलते, लेकिन फिर तुरंत बंद कर देते। दिनभर यही स्थिति बनी रही और बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। बाजार बंद रहने से खरीदारी के लिए आए ग्राहकों को काफी कठिनाई हुई। खासकर नेपाल से आए कई ग्राहक बिना खरीदारी किए ही वापस लौट गए। इससे जहां आम लोगों को आवश्यक सामान नहीं मिल सका, वहीं व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। आम दिनों में चहल-पहल रहने वाला सोनबरसा बाजार रविवार को लगभग सूना दिखाई दिया। हालांकि देर शाम तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक छापेमारी की पुष्टि नहीं हो सकी। प्रशासन या आयकर विभाग की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।
