वाणीश्री न्यूज़, वैशाली। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, वैशाली के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता एवं कठिन परिश्रम के बल पर संस्थान का नाम रोशन किया है। महाविद्यालय के चार विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित कंपनी GateMate Learning Private Limited में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर चयन हुआ है।
चयनित विद्यार्थियों में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) विभाग के आयुष वत्स, भास्कर कुमार एवं आइज़ा सरफराज तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (IoT) विभाग के संतोष पासवान शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने इससे पूर्व भी विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित होकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। लगातार मिल रही प्लेसमेंट सफलताएँ महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, विद्यार्थियों के कौशल विकास तथा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के प्रति किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती हैं।
इस उपलब्धि से महाविद्यालय में हर्ष एवं उत्साह का माहौल है। विद्यार्थियों की इस सफलता को उनके निरंतर परिश्रम, तकनीकी ज्ञान एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। इससे पूर्व भी अनेक विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित होकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। हमें विश्वास है कि यह सफलता की परंपरा आगे भी जारी रहेगी। सभी चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ।
महाविद्यालय के प्रशिक्षण एवं नियोजन प्रकोष्ठ (Training and Placement Cell) ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, प्रकोष्ठ ने विद्यार्थियों को निरंतर कौशल विकास, तकनीकी दक्षता एवं बेहतर करियर अवसरों के लिए प्रेरित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
महाविद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उनके सफल व्यावसायिक जीवन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
