वाणीश्री न्यूज़, वैशाली। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (GEC), वैशाली में दिनांक 25 एवं 26 नवंबर 2026 को रामानुजन गणित प्रतिभा खोज परीक्षा 2026 का आयोजन किया गया। परीक्षा में कक्षा छठी, सातवीं, आठवीं एवं नौवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा का आयोजन विभिन्न पालियों में किया गया, जिससे विद्यार्थियों को अपनी गणितीय प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस प्रकार की प्रतिभा खोज परीक्षाएँ विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रारंभिक स्तर पर पहचानकर उन्हें उचित अवसर प्रदान करना आवश्यक है। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को DSTTE, बिहार की ओर से पटना बुलाकर गणित दिवस एवं विज्ञान दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। प्राचार्य ने परीक्षा में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा परीक्षा के सफल आयोजन में योगदान देने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों के प्रयासों की सराहना की।
परीक्षा का सफल एवं निष्पक्ष संचालन महाविद्यालय के परीक्षा अनुभाग द्वारा किया गया। परीक्षा नियंत्रक प्रो. भूषण कुमार, संयुक्त परीक्षा नियंत्रक श्री अजीत दास तथा सहायक परीक्षा नियंत्रक प्रो. विवेक राज एवं प्रो. नित्यानंद ने परीक्षा के सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणितीय अभिरुचि, तार्किक क्षमता एवं विश्लेषणात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा उनकी गणितीय प्रतिभा को पहचानने के लिए उपयुक्त मंच प्रदान करना था।
