न्यूज़ डेस्क बिदुपुर। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के नवानगर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान महनार थाना क्षेत्र के मुरवतपुर वार्ड 10 निवासी स्व. आनंद साह की 22 वर्षीय पुत्री सलोनी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि डेढ़ साल पहले उसकी शादी बिदुपुर के नवानगर निवासी दिनेश प्रसाद शाह के पुत्र प्रितेश कुमार से हुई थी। मृतका की मां मीणा देवी ने बताया कि सुबह 10 बजे उन्हें घटना की सूचना मिली। वह तुरंत मौके पर पहुंचीं, जहां उनकी बेटी का शव बिस्तर पर पड़ा था और ससुराल के सभी सदस्य फरार थे। घर पर सिर्फ लड़के के पिता दिनेश साह मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को प्रताड़ित करके मारा गया है।
मृतक के भाई राहुल कुमार ने बताया कि डेढ़ साल पहले उन्होंने अपनी बहन की शादी की थी, जिसमें महनार निवासी बंटी कुमार बिचौलिया था, जो लड़के का बहनोई भी है। राहुल ने बताया कि वह विदेश में रहते हैं। कल देर रात उन्हें बहन का वॉइस मैसेज आया, जिसमें उसने कहा था कि ससुराल वाले उसे बहुत मार रहे हैं और जल्द फोन करें। मोबाइल का नेट बंद होने के कारण वह रात में यह मैसेज नहीं देख सके। सुबह 10 बजे जब मैसेज देखा तो बहन को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद था। इसके बाद उन्होंने बिचौलिया बंटी कुमार को फोन किया, जिसने बताया कि सलोनी ने आत्महत्या कर ली है।
वहीं ग्रामीणों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनका कहना है कि आरोपी प्रितेश कुमार की यह चौथी शादी थी। उसकी पिछली दो पत्नियों की भी मौत हो चुकी है, जबकि एक पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। घटना की सूचना पर बिदुपुर थाना अध्यक्ष रवि प्रकाश दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी है।
#VaanishreeBidupurNews
