इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एसपी दरबार में आने वाले आवेदनों की संख्या को कम करना, स्थानीय स्तर की प्रमुख समस्याओं को समझना तथा उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करना था। एसपी विक्रम सिहाग के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से क्षेत्र की सामान्य समस्याओं को खुलकर रखने की अपील की। वैशाली पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि वैशाली के ऐतिहासिक स्थलों के आसपास देह व्यापार का अवैध धंधा तेजी से फैल रहा है, जिस पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है।
वहीं, महम्मदपुर पंचायत के मुखिया वीरेंद्र पासवान, सलेमपुर पंचायत के मुखिया संजीव कुमार, भागवतपुर पंचायत के मुखिया अनिल राय तथा चिंतामणपुर पंचायत के मुखिया पति रत्नेश कुमार ने भी अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को एसपी के समक्ष रखा।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, आपसी तनाव, साइबर अपराध तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित मामलों की क्रमवार सुनवाई की गई। आरक्षी अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस-जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा स्थानीय समस्याओं के प्रभावी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।