बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार एवं जिला प्रशासन, वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र (हॉकी) हेतु खिलाड़ियों का चयन ट्रायल खेलो इंडिया स्माल सेंटर, उच्च विद्यालय चकव्यास, गरौल, वैशाली के खेल मैदान में जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
उक्त चयन ट्रायल में राज्य के विभिन्न जिलों से 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के कुल 53 प्रतिभाशाली बालक एवं बालिकाओं ने भाग लिया तथा अपनी खेल प्रतिभा, कौशल एवं क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयन हेतु दावेदारी प्रस्तुत की। खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रेरणादायक बनाया।
जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। चयनित बालक-बालिकाओं को एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में निःशुल्क आवासन, भोजन, शिक्षा एवं उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पदाधिकारी, वैशाली ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना एवं उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजन जिले की प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर खेल विभाग के पदाधिकारी, प्रशिक्षकगण, चयन समिति के सदस्य, विद्यालय प्रशासन, खिलाड़ी एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।
