न्यूज़ डेस्क, वैशाली । प्रशासनिक स्तर पर की गई व्यापक तैयारियों के बीपीएससी द्वारा आयोजित AEDO भर्ती परीक्षा–2026 का संचालन जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी 22 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई। प्रथम पाली में कुल 8,160 आवंटित परीक्षार्थियों में से 3,638 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 4,522 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में कुल 8,160 परीक्षार्थियों में से 3,611 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी तथा 4,549 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। दोनों पालियों में किसी भी केंद्र पर कदाचार की कोई घटना सामने नहीं आई और किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया।
परीक्षा के दौरान प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न केंद्रों पर सतत निगरानी रखी गई। परीक्षा कक्षों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, CCTV निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था का समुचित अनुपालन सुनिश्चित किया गया। केंद्राधीक्षकों को परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच (फ्रिस्किंग), बायोमेट्रिक सत्यापन एवं e-Admit Card की अनिवार्य जांच की गई। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लागू रखा गया।
परीक्षा के दौरान तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूर्ण सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। इसके अतिरिक्त फ्लाइंग स्क्वॉड, जोनल एवं सेक्टर दंडाधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर निगरानी रखी गई।
अंत में जिला पदाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं अनुशासन बनाए रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
