जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के कुशल नेतृत्व एवं सतत पर्यवेक्षण में इंटरमीडिएट एवं माध्यमिक विशेष/कंपार्टमेंटल परीक्षा, 2026 का संचालन जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर पूरी पारदर्शिता, अनुशासन एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक जारी है।
दिनांक 05 मई 2026 को तीसरे दिन भी सभी केन्द्रों पर परीक्षा व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं नियंत्रित माहौल में संपन्न हुई। प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया गया, जिससे परीक्षा प्रक्रिया निर्विघ्न रूप से संचालित हो सकी।
इंटरमीडिएट विशेष/कंपार्टमेंटल परीक्षा के अंतर्गत दोनों पाली मिलाकर कुल 1,284 परीक्षार्थियों के विरुद्ध 1,280 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 84 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस परीक्षा में किसी भी केन्द्र से कदाचार की कोई घटना सामने नहीं आई, जो प्रशासनिक सख्ती एवं प्रभावी निगरानी व्यवस्था का परिणाम है।
वहीं माध्यमिक विशेष/कंपार्टमेंटल परीक्षा में कुल 3,716 परीक्षार्थियों के विरुद्ध 3,421 परीक्षार्थी उपस्थित हुए तथा 295 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। एकमात्र घटना में मध्य विद्यालय कुतुबपुर एकारा परीक्षा केन्द्र पर प्रथम पाली में एक परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में निष्कासित किया गया।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु सभी केन्द्रों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही गस्ती, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति के कारण विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
समाहरणालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष प्रातः 07:00 बजे से सक्रिय रहकर परीक्षा समाप्ति तक सतत निगरानी करता रहा। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06224-260220 एवं 06224-260229 पर प्राप्त सूचनाओं का त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
सभी परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में धारा 163 (बीएनएसएस) के अंतर्गत निषेधाज्ञा प्रभावी रही, जिससे अनावश्यक भीड़-भाड़ पर नियंत्रण रखा गया। साथ ही सभी केन्द्रों पर CCTV निगरानी एवं आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी कराई गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि आगामी परीक्षा तिथियों में भी इसी प्रकार सजगता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि परीक्षा का संचालन पूर्णतः निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न होता रहे।
