न्यूज़ डेस्क, वैशाली। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खिलवत चौर स्थित तीन एग लेयर फार्मों से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सामान की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने फार्म के गेट की लोहे की कुंडी और ताला काटकर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर बिदुपुर थाना की डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और पीड़ितों को लिखित शिकायत थाने में देने की बात कही।
पीड़ित फार्म मालिकों ने बताया कि चोरी की गई सामग्री में तीन इन्वर्टर की बैटरी, 50 हजार रुपये से अधिक कीमत की बड़ी स्लैब कटर मशीन, 40 केवीए का डीजी सेट, सीसीटीवी का पूरा सेटअप बॉक्स सहित और तीन समरसेबल पंप शामिल हैं। कुल मिलाकर साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक की चोरी बताई जा रही है।
फार्म मालिक पूर्व मुखिया अमोद सिंह और सीता राम सिंह ने बताया, “हम लोग देर रात्रि तक फार्म पर मौजूद थे। हमारे जाने के बाद जब फार्म के स्टाफ सो गए, तभी इस घटना को अंजाम दिया गया होगा।” उन्होंने यह भी बताया कि चोरों ने वारदात से पहले घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर नशाखोरी की, जिसके बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि चौर में सीता राम सिंह का एग लेयर फार्म बड़े पैमाने पर चल रहा है, जबकि अमोद सिंह एवं राजद नेता निर्दोष यादव के एग लेयर फार्म निर्माणाधीन हैं, जहां चोरी की घटना हुई है।
इस घटना को लेकर प्रशासन के प्रति स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि चौर क्षेत्र में बड़े स्तर पर लोग फार्म आदि संचालित करने में जुटे हैं। ग्रामीण पथ खिलवत, ऊंची डीह, जंदाहा रोड से मिलता है, लेकिन प्रशासन की रात्रि गश्ती गाड़ी एक दिन भी इस रास्ते पर गश्त करती नहीं दिखाई देती है। जिसके चलते यह जगह अपराधियों के लिए सुरक्षित जोन (सेफ जोन) बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। बिदुपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
