न्यूज़ डेस्क, वैशाली। वैशाली जिले के बिदुपुर बाजार स्थित भारत पेट्रोल पंप के उत्तर में अमरनाथ शर्मा मिल में बीती रात्रि बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने मिल में रखी लाखों रुपये की कीमती लकड़ी, मशीनें और लकड़ी से बने सामान को जलाकर राख कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिल मालिक रात्रि में मिल बंद कर घर चले गए थे। आग लगने की सूचना तब मिली जब आग पूरी तरह फैल चुकी थी। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी मिल मालिक और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक मिल का सारा सामान जल चुका था।
मिल मालिक अमरनाथ शर्मा और उनके परिजनों ने बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात से इनकार किया। उनका कहना है, “मिल बंद करने से पहले हम बिजली की मेन सप्लाई का स्विच पूरी तरह बंद कर देते हैं, इसलिए शॉर्ट सर्किट से आग नहीं लग सकती।” उन्होंने बताया कि मिल के बाहर एक चौकी रखी होती है, जहां मिल बंद होने के बाद कुछ स्थानीय नशेड़ी आकर बैठते हैं और गांजा व स्मैक का सेवन करते हैं। उनका आरोप है कि नशेड़ियों द्वारा चौकी के नीचे रखी लकड़ी के टुकड़ों पर जलती हुई चिंगारी फेंकने से आग लगी।
मिल मालिक ने लाखों की क्षति के बावजूद इस खबर को चलाने से मना किया। उनका कहना है कि उनके मिल का इंश्योरेंस नहीं है, न ही स्टॉक और मशीनों के मूल्य के कागजात हैं, जिससे उन्हें कोई आर्थिक लाभ नहीं मिलेगा। इस कारण वे थाने में आग लगने की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराएंगे।
वहीं, अग्निशमन विभाग के दमकल चालक दीपक सिंह ने बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मिल में रखी कीमती लकड़ियां आग में पूरी तरह जलकर राख हो गईं।
दूसरी ओर, स्थानीय लोगों का कहना है कि रात्रि ड्यूटी कर रहे चौकीदार ने प्रारंभिक अवस्था में आग देखी थी। उसने मिल के बगल के एक दुकानदार को जगाकर बताया और वहां से चला गया। दुकानदार और अन्य लोगों ने केवल मिल मालिक को सूचना दी और उनके आने का इंतजार करते रहे। जब तक मिल मालिक पहुंचे, आग पूरी मिल में फैल चुकी थी और विकराल रूप धारण कर चुकी थी। तब तक आग पर काबू पाना स्थानीय लोगों के बस में नहीं था। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
