हाजीपुर, वैशाली | 10 अप्रैल 2026 । वैशाली जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के कुशल नेतृत्व में गैस वितरण प्रणाली को व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
समाहरणालय, हाजीपुर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 67 गैस एजेंसियां सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, जो लाखों उपभोक्ताओं को नियमित गैस आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एजेंसियों को समयबद्ध डिलीवरी और बैकलॉग कम करने के लिए सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं। 10 अप्रैल 2026 की स्थिति के अनुसार जिले में 65,969 रिफिल बुकिंग लंबित हैं, जबकि प्रतिदिन औसतन 14,582 सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है, जिससे लंबित मामलों में तेजी से कमी लाई जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए 45 दिनों के भीतर अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाने हेतु सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है तथा नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। एलपीजी आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता 06224-260233 / 60234 पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक प्राप्त 790 शिकायतों में से 753 का समाधान किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, गैस एजेंसियों को अपने कार्यालय के बाहर स्टॉक एवं वितरण संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन को समयबद्ध एवं निर्बाध एलपीजी आपूर्ति उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
