न्यूज़ डेस्क, वैशाली। वैशाली जिले में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध निरंतर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। यह विशेष अभियान जिला पदाधिकारी, वैशाली वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है, जिसमें उत्पाद विभाग टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
इसी क्रम में दिनांक 10.04.2026 को रहिमापुर थाना, विदुपुर क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम द्वारा एक सटीक एवं योजनाबद्ध छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक बोलेरो वाहन से लगभग 1000 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। मौके पर ही उक्त वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में लागू शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं तथा खुफिया तंत्र को भी और अधिक सक्रिय किया गया है।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि अवैध शराब न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह समाज के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन से संबंधित गतिविधि देखें, तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। जागरूक नागरिकों के सहयोग से ही इस सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।
