वैशाली, 8 अप्रैल 2026: वैशाली जिले के जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने और साजिश रचने के आरोप में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर करारी बरारी गांव में एक व्यक्ति के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कपूरी राय और गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के क्रम में दलान में भूसा भरे बोरे के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका एक व्यक्ति से जमीन विवाद चल रहा था और उसे फंसाने के उद्देश्य से ही अवैध हथियार छिपाया गया था।
इस मामले में जुड़ावनपुर थाना कांड संख्या 78/26 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
👉 पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और किसी को फंसाने की साजिश रचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगा।
